विशेष अभियान में प्रशासन अलर्ट, डीएम ने बूथों पर पहुंचकर लिया मतदाता सूची अपडेट का फीडबैक
लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शनिवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। अभियान की प्रभावशीलता जांचने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने विभिन्न मतदान स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने डिप्टी डीईओ/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह एवं ईआरओ/एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह के साथ बूथों पर पहुंचकर बीएलओ की कार्यप्रणाली, हेल्प डेस्क और आवेदनों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्राप्त फॉर्मों और दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की पारदर्शिता सुनिश्चित करती है। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डिप्टी डीईओ/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि 02 फरवरी को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन सभी मतदान स्थलों पर पूर्वाह्न 11 बजे से सायं 4 बजे तक बीएलओ उपलब्ध रहेंगे, जहां मतदाता अपने नाम जोड़ने, संशोधन कराने या अन्य सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहभागी बनें।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर