March 1, 2026

ओवरलोड व ओवरहाइट वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा लखीमपुर खीरी में सघन अभियान, 14 वाहन सीज व 22 का चालान गन्ना परिवहन में नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई

Share करें

ओवरलोड व ओवरहाइट वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा
लखीमपुर खीरी में सघन अभियान, 14 वाहन सीज व 22 का चालान
गन्ना परिवहन में नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई

लखीमपुर खीरी, 17 दिसंबर।
जिले की सड़कों पर यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने ओवरलोड एवं ओवरहाइट वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती बरतते हुए कुल 14 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 22 वाहनों के चालान काटे गए।

अभियान के दौरान एआरटीओ शशि भूषण पांडे एवं पीटीओ डॉ. कौशलेंद्र अलग-अलग मार्गों पर स्वयं मौजूद रहकर कार्रवाई करते नजर आए। विभागीय टीमों ने प्रमुख मार्गों, ग्रामीण सड़कों और गन्ना परिवहन वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी।

परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दिवस कुल 12 वाहनों के चालान किए गए तथा 7 ओवरलोड व ओवरहाइट वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य मामलों में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों को सीज किया गया।

बुधवार को भी विभाग की कार्रवाई जारी रही। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर 4 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया और 10 वाहनों के चालान काटे गए। वहीं देर रात निघासन क्षेत्र में दो ट्रॉली जोड़कर गन्ना परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी सीज किया गया। विभाग ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कड़ी कार्रवाई की।

एआरटीओ शशि भूषण पांडे ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में ओवरलोडिंग, ओवरहाइट और नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

परिवहन विभाग ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, क्षमता से अधिक भार न ढोएं और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। विभाग का कहना है कि सड़क पर सुरक्षित परिवहन और आमजन की जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसके लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

About The Author