खमरिया थाना क्षेत्र में चोर गैंग सक्रिय
दो गांवों में एक ही रात 8 स्थानों पर चोरी, लाखों की नकदी व जेवरात पार
लखीमपुर खीरी।
खमरिया थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार/गुरुवार की रात थाना क्षेत्र के लखपेड़ा और फत्तेपुर गांवों में चोरों ने एक ही रात में 6 घरों और 2 दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखपेड़ा गांव निवासी अनुज राजपूत पुत्र रामदुलारे के घर चोर पीछे की दीवार के सहारे छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते कमरे में उतरकर बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोर दो छोटे बक्से उठा ले गए। पीड़ित के अनुसार बक्सों व रैक में रखे लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए गए। गुरुवार सुबह घर के पीछे खेत में टूटे ताले वाले बक्से और बिखरा सामान बरामद हुआ।
इसी गांव में रामपाल पुत्र टीकाराम के घर से चोर मंगलसूत्र चोरी कर ले गए। रामकिशोर पुत्र भारत के घर चोर कुंडी तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन घर की महिला के जाग जाने पर चोर फरार हो गए। बनवारी पुत्र चूरामन के घर भी चोर घुसे, लेकिन गृहस्वामी के जागने पर बिना कुछ लिए भाग निकले।
पड़ोसी गांव फत्तेपुर में श्यामू शुक्ला पुत्र पैकरमा और मुनुवा बाजपेई के खोखे काटकर उनमें रखा सामान और नगदी चोरी कर ली गई। वहीं रामलखन अवस्थी के घर ताला तोड़कर घुसे चोरों को ज्यादा सफलता नहीं मिली। गृहस्वामी की नींद खुलने पर चोर ठंड से बचाव के लिए एक शॉल उठाकर फरार हो गए। रामलखन के भतीजे सुधीर अवस्थी के बंद मकान के ताले भी काटे गए। सुधीर लखनऊ में रहते हैं। उनके घर से गृहस्थी का सामान चोरी हुआ। पीड़ित के अनुसार उनके घर में पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की सूचना के बावजूद पुलिस की कार्रवाई सुस्त रही। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सक्रिय चोर गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर