March 2, 2026

मुरादनगर सड़क हादसा : डीएम-एसपी पहुंचे जिला अस्पताल, घायलों का तुरंत इलाज शुरू

Share करें

लखीमपुर खीरी, 23 दिसंबर।
तहसील लखीमपुर क्षेत्र के मुरादनगर के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने तुरंत उनका उपचार शुरू किया। घायलों में से दो की हालत को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलबेहड़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा बिना किसी देरी के सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। उनके साथ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता भी मौजूद रहे। डीएम-एसपी ने स्वयं घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना, परिजनों से बातचीत की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए यातायात व दुर्घटना के कारणों की जानकारी भी संबंधित अधिकारियों से ली।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि सभी घायलों का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है और आवश्यक दवाएं, जांच व अन्य चिकित्सीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

इस दौरान अस्पताल में एसीएमओ डॉ. एस.सी. मिश्र तथा उप जिलाधिकारी (सदर) अश्वनी कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ इलाज और व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जिससे घायलों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशासन की तत्परता और डीएम-एसपी की व्यक्तिगत निगरानी से पीड़ित परिवारों में राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
प्रशासन ने हादसे की जांच के निर्देश देते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

About The Author