March 2, 2026

सीएम युवा उद्यमी योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, एचडीएफसी बैंक से हटेंगे शासकीय खाते

Share करें

सीएम युवा उद्यमी योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, एचडीएफसी बैंक से हटेंगे शासकीय खाते

लखीमपुर खीरी | 24 दिसंबर

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बेरोजगार, शिक्षित एवं तकनीकी दक्ष युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की शासन की महत्वाकांक्षी योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने एचडीएफसी बैंक के प्रति सख्त नाराजगी जताई है और इसे शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करार दिया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य के तहत एचडीएफसी बैंक को 46 प्रकरणों का निस्तारण करना था, लेकिन अब तक मात्र 05 प्रकरणों में ही प्रगति हो सकी है, जो किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है। इसके विपरीत जनपद के अन्य बैंक इस योजना के क्रियान्वयन में अपेक्षित सहयोग और सक्रियता दिखा रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने पुलिस अधीक्षक तथा उत्तर एवं दक्षिण खीरी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारियों को पत्र प्रेषित कर अपेक्षा जताई है कि उनके विभागों के एचडीएफसी बैंक में संचालित समस्त शासकीय खातों को किसी अन्य शासकीय बैंक में स्थानांतरित किया जाए। विशेष रूप से वन विभाग के प्रोजेक्ट टाइगर एवं प्रोजेक्ट एलीफेंट से संबंधित खातों को भी एचडीएफसी बैंक से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी एचडीएफसी बैंक में संचालित सभी शासकीय खातों के शीघ्र अन्य बैंक में स्थानांतरण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिक एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं के रोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं में यदि कोई बैंक या संस्था अपेक्षित सहयोग नहीं करती है, तो उसके विरुद्ध कठोर प्रशासनिक निर्णय लेने से प्रशासन पीछे नहीं हटेगा।

प्रशासन के इस कड़े रुख से जहां बैंकिंग संस्थानों में हलचल मच गई है, वहीं जिले के युवाओं में उम्मीद जगी है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को अब और अधिक गंभीरता एवं गति के साथ धरातल पर उतारा जाएगा।

About The Author